फर्रुखाबाद। गांव कुइयां गांधी में शिक्षक के घर से लूटपाट करने का आरोपी मेडिकल कराने के दौरान सिपाहियों से हाथ छुड़ाकर भाग गया। सोमवार को भोर में निबिया स्थित बंद पड़े ईंट भट्ठे के पास पुलिस ने मुठभेड़ में उसे दबोच लिया। पैर में गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। वहीं दो सिपाही भी चुटहिल हुए हैं।
गांव कुइयां गांधी निवासी शिक्षक भानु प्रकाश पाठक के घर में घुसकर रविवार रात को बदमाशों ने लूटपाट की थी। इस दौरान भानु ने अपने इंजीनियर भाई वैभव पाठक व ग्रामीणों क मदद से सीतापुर के थाना इमलिया सुल्तानपुर के गांव बीबीपुर निवासी बदमाश कुलवंत व उमेश दबोच लिया था। पुलिस थाने ले जाकर उनसे पूछताछ की। इसके बाद दोपहर को सिपाही दीपक, वंश, प्रशांत व पुष्पेंद्र दोनों बदमाशों को सीएचसी में मेडिकल परीक्षण के लिए लेकर जा रहे थे। तभी कुलवंत ने लघुशंका करने की बात कही। इस पर सिपाही दीपक व प्रशांत उसे सीएचसी के बाहर लघुशंका कराने के लिए रुक गए। सिपाही वंश व पुष्पेंद्र उमेश को सीएचसी के अंदर लेकर चले गए। इस बीच कुलवंत दोनों सिपाहियों से हाथ छुड़ाकर भाग गया। उन्होंने पीछा किया पर हाथ नहीं आया। सिपाही दीपक ने कुलवंत के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। भोर में करीब 3.30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि कुलवंत निबिया स्थित बंद पड़े ईंट भट्ठे का पास छिपा है। थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह फोर्स के साथ वहां पहुंचे तो कुलवंत ने तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली पुलिस की कार की खिड़की में जा लगी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से कुलवंत गिर पड़ा। इस बीच मोर्चा बंदी के दौरान सिपाही वंश व पुष्पेंद्र चुटहिल हो गए। पुलिस ने कुलवंत से 315 बोर का एक तमंचा एक कारतूस व दो कारतूस के खोखा बरामद किए। कुलवंत को पुलिस ने राजेपुर सीएचसी में भर्ती कराया। वहां से लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह ने बताया कि पूछताछ में कुलवंत ने जानकारी दी कि शिक्षक के घर से लूट में शामिल रहे बीबीपुर निवासी सेठ ने भट्ठे पर ही मिलने का वादा किया था। इसके चलते ही वह भागकर भट्ठे पर पहुंचा। पर वहां सेठ नहीं आया। जबकि वहीं पर लूटे गए माल का बंटवारा होना था। भट्ठे पर उसने पहले से ही अपना तमंचा व कारतूस छिपाकर रखे थे।