फर्रुखाबाद। प्रधानी चुनाव का बिगुल फुंकते ही चुनाव की सरगर्मी होने लगी। चुनाव के रंजिश में रविवार की सुबह दबंगों ने दंपति को पीट कर घायल कर दिया। युवक को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। उधर, पारिवारिक विवाद में दंपति को पीट दिया। पुलिस ने मामले की एनसीआर दर्ज कर ली।
थाना नवाबगंज के गांव पुठरी निवासी धीरेंद्र सिंह रविवार की सुबह अपने घर के पास खड़े थे। इस बीच गांव के ही शिवम और इनके साथी धीरेंद्र सिंह को गालियां देने लगे। धीरेंद्र ने इसका विरोध किया तो हमलावरों ने लाठियों से पीट दिया। पत्नी दुर्गा देवी बचाने आई तो उन्हें भी पीटा।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से घायल को लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। धीरेंद्र सिंह ने बताया कि वह प्रधानी का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा है। इसी को लेकर मारपीट हुई।
उधर, फतेहगढ़ कोतवाली के मोहल्ला कोला कोहना निवासी विवेक गुप्ता का परिवार के ही योगेश गुप्ता, राजकुमार से मारपीट हो गई। बचाने के लिए आई पत्नी प्रीति को भी पीट दिया। मामले की सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। पुलिस ने महिला का लोहिया अस्पताल में मेडिकल कराया। विवेक ने दोनों के खिलाफ मामले की एनसीआर दर्ज कराई है।