कांग्रेस संदेश यात्रा रोकने पर पुलिस से धक्कामुक्की
फर्रुखाबाद। कांग्रेस स्थापना दिवस से शुरू हुई संदेश पदयात्रा मंगलवार को बढ़पुर ब्लाक क्षेत्र के गांवों में निकाली गई। पुलिस ने पचपुखरा गांव में पदयात्रा को रोक दिया। इसको लेकर पुलिस कर्मियों से नोकझोंक के बाद धक्कामुक्की हो गई।
ब्लॉक बढ़पुर के गांव गढ़िया, दिलावर, आरमपुर, बाबा नगला, नगलानट, नूरपुर, अजमतपुर, पचपुखरा में कांग्रेस संदेश पदयात्रा निकाली गई। पुलिस ने जगह-जगह यात्रा को रोकने का प्रयास किया। पचपुखरा में पद यात्रा को पुलिस ने रोक दिया। इस पर जिलाध्यक्ष विजय कटियार की पुलिस कर्मियों से नोकझोंक होने लगी।
पुलिस ने जबरन रोकने का प्रयास किया तो पुलिस कर्मियों से धक्कामुक्की होने लगी। जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को समझाया। उन्होंने पुलिस कर्मियों से कहा कि पार्टी के निर्देश पर पूरे प्रदेश में पदयात्रा निकाली जा रही है। इसको रोका नहीं जा सकता है। इसके माध्यम से कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना है।
इस दौरान अरविंद अग्निहोत्री, रमेश चंद्र कठेरिया, मनोज गंगवार, कृष्ण गोपाल मिश्रा, अभय यादव, मोनू कठेरिया आदि मौजूद रहे। उधर शहर के वार्ड गोविंद नगर, पटेल नगर, अशफाक उल्लानगर, आजाद नगर में पुन्नी शुक्ला के नेतृत्व में कांग्रेस संदेश पद यात्रा निकाली गई। इस दौरान जानकी शुक्ला, मनोज कुमार, सपना अवस्थी, पायल, अंकित कुमार समेत अन्य मौजूद रहे।