अमृतपुर। गन्ना क्रय केंद्र में घटतौली को लेकर शनिवार को हंगामा के बाद रविवार को भी काश्तकारों ने गन्ना नहीं तौलने दिया। काश्तकारों का कहना था कि जब तक पहले तौला गया ज्यादा गन्ना वापस नहीं होगा, तब तक वह लोग तौल नहीं होने देंगे।
अमृतपुर प्रथम में खुले रूपापुर चीनी मिल के गन्ना क्रय केंद्र पर रविवार सुबह ही काश्तकारों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। काश्तकारों का कहना था कि पूर्व में तैनात क्रय केंद्र प्रभारी ब्रजेश कुमार शुक्ल ने 1 से 15 जनवरी तक उन लोगों का गन्ना ज्यादा तौला था। 15 जनवरी को ही उनका तबादला कायमगंज ब्लाक के लिए हो गया था। जब तक उन लोगों का तौला गया ज्यादा गन्ना नहीं मिलेगा, तब तक गन्ना नहीं तौलने देंगे। सोमवार को धरना-प्रदर्शन कर जाम लगाएंगे।
वर्तमान क्रय केंद्र प्रभारी प्रदीप सिंह ने किसानों को समझाने का काफी प्रयास किया लेकिन वह नहीं माने। केंद्र प्रभारी ने मामले की सूचना रूपापुर चीनी मिल के सहायक महाप्रबंधक दिनेश रॉय को दी। सहायक महाप्रबंधक ने किसानों से बातचीत की लेकिन उन्होंने गन्ना नहीं तौलने दिया। सहायक महाप्रबंधक ने बताया कि पूर्व केंद्र प्रभारी ब्रजेश शुक्ल से बात हुई है। काश्तकारों का ज्यादा तौला गया गन्ना वापस होगा। वापस न करने पर पूर्व केंद्र प्रभारी के वेतन से रिकवरी की जाएगी।
हंगामा करने वालों में रामू सिंह, राजीव सिंह, देवेंद्र सिंह, रामवीर, नरेंद्र सिंह, नन्हें कुमार, अजयबाबू, संजू कुमार और राकेश कुमार आदि रहे। शनिवार को भी काश्तकारों ने घटतौली को लेकर हंगामा किया था। दरोगा ने जब मौके पर पहुंचकर एक काश्तकार की गन्ना की ट्राली तौलवाई तो उसमें गन्ना ज्यादा निकला। इसी को लेकर काश्तकारों ने रविवार को हंगामा कर गन्ना की तौल नहीं होने दी।