डाकघर के बाहर प्रदर्शन करते डाक एजेंट।
- फोटो : अमर उजाला
चार दिन से एजेंट वेबसाइट ठप होने से गुस्साए एजेंटों ने शुक्रवार को डाकघर के बाहर धरना-प्रदर्शन कर भड़ास निकाली। एजेंटों ने आरोप लगाया कि डाकघर में कोई उनकी सुनने वाला नहीं है। वेबसाइट न चलने से खाताधारकों का पैसा समय से जमा नहीं हो पा रहा है। समय से पैसा न जमा होने पर उन पर पेनाल्टी लगा दी जाती है। डाक अधीक्षक के न होने के कारण एजेंटों ने जिला मुख्यालय जाकर एसडीएम सदर सुरेंद्र सिंह को ज्ञापन देकर समस्या के समाधान की मांग की।
डाकघर के बाहर धरना-प्रदर्शन कर रहे एजेंटों का कहना था कि 24 मई से एजेंट वेबसाइट ठप है। इसके चलते वह लोग आरडी खाताधारकोें का पैसा जमा नहीं कर पा रहे हैं। एजेंट विमलेश मिश्र, गोपालराम तिवारी, केपी टंडन और हरवंश भाटिया आदि ने कहा कि लेट पैसा जमा करने पर उन लोगों पर एक प्रतिशत पेनाल्टी लगा दी जाती है।
उन्होंने बताया कि 12 से 18 मई तक अभिकर्ता पोर्टल की वेबसाइट बंद रहने से उन पर पेनाल्टी लगी थी। अब फिर वेबसाइट खराब हो गई। अगर एक-दो दिन में वेबसाइट ठीक न हुई तो उन्हें फिर पेनाल्टी देनी होगी। एजेंटों का कहना था कि डाकघर में कोई उनकी सुनने वाला नहीं है। डाक अधीक्षक अवकाश पर हैं। धरना-प्रदर्शन के बाद अभिकर्ता कलक्ट्रेट पहुंचे और एसडीएम सदर सुरेंद्र सिंह को ज्ञापन दिया।
एजेंटों ने चेतावनी दी कि एक-दो दिन में समस्या का समाधान हुआ तो वह लोग आंदोलन करेंगे। प्रदर्शन में कमलेश दुबे, विमलेश मिश्र, रज्जो देवी, सुष्मिता सोमवंशी, सुमन राठौर, निम्मी कटियार, कामिनी रस्तोगी, शिव कुमार मेहरोत्रा, रश्मि मेहरोत्रा, नवनीत मिश्र आदि मौजूद रहे।