फर्रुखाबाद। क्रिसमस डे की पूर्व संध्या पर प्रभु यीशु मसीह की अगवानी के लिए शहर की चर्चें सज गई हैं। क्रिसमस डे को लेकर मसीह समाज के लोगों में गजब का उत्साह दिखाई दिया। समाज के लोगों ने जमकर खरीददारी की। शाम होते ही चर्चें दूधिया रोशनी से जगमगाती नजर आईं। देर रात प्रभु यीशु मसीह का जन्म होते ही जमकर आतिशबाजी छुड़ाई गई।
शहर में पुराना जिला अस्पताल स्थिथ क्राइस्ट चर्च, सीएनआई चर्च बढ़पुर, सीएनआई सिटी चर्च, सीएनआई रखा चर्च और सीएनआई ऑल सोल्स चर्च फतेहगढ़ को रंगबिरंगी झालरों से सजाया गया था। इस दौरान बढ़पुर स्थित सीएनआई चर्च फूलों और झालरों से सजी थी।
शुक्रवार को क्रिसमस डे के चलते मसीह समाज के लोगों ने बाजारों में जाकर जमकर खरीददारी की। किसी ने केक खरीदा तो किसी ने गिफ्ट आइटम। शाम को चर्चें दूधिया रोशनी से जगमगा रही थीं। पादरी किशन मसीह ने बताया कि क्रिसमस डे पर शहर की सभी चर्चों पर विशेष कार्यक्रम होंगे।