कायमगंज। गांव आखूनपुर में अलीगंज से आई बरात में दूल्हे के भाइयों ने चचेरे भाई से मारपीट कर दी। साथ ही उसकी कार में तोड़फोड़ भी की। चचेरे भाई ने दूल्हे के दो भाइयों समेत एक अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
जनपद एटा के कस्बा अलीगंज निवासी रामवीर सिंह के पुत्र विनय की बरात सोमवार रात कायमगंज के गांव आखूनपुर आई थी। बारात की बस सड़क किनारे खड़ी थी। तभी वहां से एक अन्य बारात की बस गुजरी। दूल्हे के भाइयों से दूसरे बरातियों का विवाद होने लगा। इस पर चचेरे भाई राघवेंद्र सिंह ने बीच-बचाव कर दिया। वह उन्हें झगड़ा न करने के उपदेश देने लगे। यह बात दूल्हे के भाइयों को नागवार गुजरी। वे अपने चचेरे भाई से गाली-गलौज कर मारपीट करने लगे। वह जैसे-तैसे बचकर वहां से भागे। गले में पहने सोने की चेन गिर गई। इसके बाद दूल्हे के भाइयों ने उनकी कार को तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया। राघवेंद्र सिंह ने चचेरे भाई रवि, विवेक व एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।