फोटो-22 निजामुद्दीनपुर में घटनास्थल पर जांच करती पुलिस व फॉरेंसिक टीम। संवाद
कंपिल (फर्रुखाबाद)। थाना क्षेत्र के गांव निजामुद्दीनपुर में मंगलवार को एक युवक का शव उसके घर के कमरे में दीवार के सहारे बैठा मिला। युवक के गले में अंगौछे का फंदा कसा था, जिसका दूसरा छोर तीन फुट ऊंचे जंगले में बंधा था। घर अंदर से बंद था और चाबी गायब थी, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।
आफताब (40) नामक यह युवक अपने माता-पिता की मृत्यु के बाद घर में अकेला रहता था। उसके दोनों बड़े भाई खुर्शीद और मुस्तकीम पास के दूसरे मकान में परिवार के साथ रहते हैं। मंगलवार सुबह जब आफताब के घर के दरवाजे नहीं खुले और उसने सफाई नहीं की, तो ग्रामीणों को चिंता हुई। बच्चों ने दीवार के छेद से देखा तो आफताब गले में फंदा कसे दीवार के सहारे बैठा दिखाई दिया। सूचना पर परिजन और ग्रामीण एकत्र हो गए। पुलिस सीढ़ी लगाकर छत के रास्ते घर के अंदर पहुंची, जहां मुख्य गेट पर ताला लगा था। ग्रामीणों ने बताया कि आफताब अक्सर चाबी अपने गले में रखता था, लेकिन घटना स्थल पर चाबी नहीं मिली। आफताब मानसिक रूप से परेशान था और कूड़ा बीनकर गुजारा करता था।
पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए। सूत्रों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गले में फंदा कसने से मौत होने की पुष्टि हुई है। थानाध्यक्ष नितिन चौधरी ने बताया कि परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों को हत्या की आशंका
शव की स्थिति और चाबी गायब होने से ग्रामीणों में हत्या की आशंका की चर्चा रही। लोगों का कहना था कि रुदायन सड़क पर आफताब की करोड़ों की जमीन पड़ी है। आफताब अविवाहित था, जिससे संपत्ति को लेकर भी अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी तक किसी भी पहलू पर स्पष्ट जानकारी नहीं दी है।
फोटो-22 निजामुद्दीनपुर में घटनास्थल पर जांच करती पुलिस व फॉरेंसिक टीम। संवाद