राजेपुर। शादी समारोह से वापस जा रहे टेंपो सवार ग्रामीण की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। चालक ट्रक लेकर भाग गया।
राजेपुर थाना क्षेत्र के गांव जैनापुर निवासी गिरीश सिंह (48) पुत्र जगदीश सिंह खेती करते थे। इसके अलावा गांव में ही परचून की दुकान रखे थे। उनके पड़ोसी लटूरी सिंह के नातिन की शादी गुरुवार शाम को शहर कोतवाली क्षेत्र के मसेनी स्थित एक गेस्ट हाउस में थी। उसमें शामिल होने के लिए वह गेस्ट हाउस में आए थे। देर रात वह टेंपो से वापस घर जा रहे थे। वह टेंपो में किनारे बैठे थे। थूकने के लिए उन्होंने सिर टेंपो के बाहर निकला। तभी जमापुर के पास सामने से आ रहे ट्रक की चपेट में उनका सिर आ गया आ गया। इससे गिरीश सिंह के सिर गंभीर चोट आई। चालक ट्रक लेकर भाग गया। टेंपो सवार व गांव के अन्य लोग गिरीश को लेकर लोहिया अस्पताल पहुंचे। तो वहां डाक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर परिजन लोहिया अस्पताल पहुंच गए। इससे वहां चीत्कार मच गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। गिरीश चार भाइयों में दूसरे नंबर के थे। अजय कुमार, प्रेम कुमार व टिल्लू उनके भाई हैं। पत्नी सिद्धश्री, बेटे मोहित व प्रांशु रो-रोकर बेहाल हो गए। थानाध्यक्ष जयंती प्रसाद गंगवार ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।