शमसाबाद (फर्रुखाबाद)। टेंपो की टक्कर दो बाइक सवार पिता-पुत्र सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर टेंपो व मोटर साइकिलें कब्जे में ले लीं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जनपद शाहजहांपुर थाना कलान गांव धोबियन नगला निवासी उमेश चंद्र पिता बालक राम को बाइक पर बैठाकर फर्रुखाबाद में डॉक्टर से दवा दिलाने आ रहा था। दूसरी बाइक पर गांव के कन्हैयालाल अपने दामाद अमन के साथ आ रहे थे। शमसाबाद की ओर जा रहे टेंपो ने चिंतामणि तालाब के पास दोनों बाइकों में टक्कर मार दी। उमेश चंद्र व पिता बालक राम के पैर टूट गए।
कन्हैयालाल बाइक सहित खड्ड में गिर गए। अमन व कन्हैयालाल भी घायल हो गए। सूचना मिलने पर फैजबाग चौकी इंचार्ज जितेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल उमेश चंद्र व बालकराम को एंबुलेंस से लोहिया अस्पताल भेजा गया। कन्हैयालाल व अमन को दूसरी एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया गया। पुलिस ने टेंपो चालक को हिरासत में लेकर दोनों बाइक व टेंपो कब्जे में लेकर चौकी में खड़े करवा लिए। एसओ बलराज भाटी ने बताया कि टेंपो की टक्कर से दो बाइकों पर सवार पिता पुत्र सहित चार लोग घायल हो गए। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।