मोहम्मदाबाद-संकिसा मार्ग पर मंगलवार शाम प्राइवेट बस और टेंपो की भिड़ंत
में महिला समेत तीन की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बस
फूंक दिया। मेरापुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को लोहिया अस्पताल में
भर्ती कराया।
सवारियों से भरी बस मंगलवार शाम सरायअगहत से मोहम्मदाबाद आ
रही थी। वह मेरापुर के गांव पुनपालपुर के पास पहुंची थी
कि सामने से आ रहे
टेंपो से भिड़ंत हो गई। इसमें मेरापुर के गांव उनासी निवासी शिवराम सिंह
और एक अज्ञात ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बस गड्ढे में
जा घुसी। दुर्घटना की जानकारी पर पहुंचे ग्रामीणों ने टेंपो के घायल
यात्रियों को बाहर निकाला। इस दौरान बस में सवार यात्री उतरकर भाग गए।
आक्रोशित ग्रामीणों ने बस को आग के हवाले कर दिया। घटना की सूचना पर
मेरापुर एसओ सालिगराम मौके पर पहुंचे। उन्होंने आला अफसरों को घटना की
जानकारी दी । कुछ ही देर में सीओ कायमगंज एके रावत, सीओ मोहम्मदाबाद योगेश
कुमार, इंस्पेक्टर कायमगंज एके सिंह परिहार, एसओ
नवाबगंज दिनेश कुमार के
साथ ही पुलिसबल मौके पर पहुंच गया। फोर्स को देखकर ग्रामीण खिसक लिए। सूचना
मिलने पर दमकल मौके पर पहुंची लेकिन तब तक बस जल चुकी थी। पुलिस बल ने
घायलों को लोहिया अस्पताल भेज दिया। यहां शशि पत्नी सतेंद्र दीक्षित निवासी
पखना मेरापुर की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि उसके पति को कानपुर रिफर
कर दिया गया। इस हादसे में सुमित, उसकी पत्नी वंदना, बेटा ऋषभ, देवा, कुंती
देवी, मिथलेश पत्नी रामनरेश, गिरजाशंकर, राधेश्याम गुप्ता और जगदीश घायल
हो गए। घायलों को उपचार कराया गया।