मंदिर व मस्जिद के पास खुला अंग्रेजी शराब का ठेका बंद कराने के लिए
शुक्रवार को मोहल्ले वालाें ने उग्र प्रदर्शन किया। आक्रोशित लोगाें ने
शराब ठेका का बोर्ड उखाड़ कर फेंक दिया। बैनर भी फाड़ दिया। सूचना पर
पहुंची पुलिस ने ठेका मालिक को बुला कर दुकान बंद करा दी। वहीं ठेका मालिक
ने मोहल्ले वालों के खिलाफ दुकान पर पथराव और बोर्ड तोड़ने की तहरीर दी है।
इसको लेकर मोहल्ले वालों में आक्रोश है।
थाना मऊदरवाजा के बहादुरगंज
में अंग्रेजी शराब का ठेका है। इसके पास मंदिर और मस्जिद के अलावा स्कूल भी
हैं। कुछ समय पहले मोहल्ले वालों ने इसका विरोध किया था। इस पर पुलिस ने
ठेका बंद करा दिया था। इसके बाद इसे फिर से खोल दिया गया। मोहल्ले वालों ने
आला अफसरों सेे 30 अप्रैल तक ठेका हटवाने की मांग की थी। इसके बाद भी
सुनवाई नहीं हुई। इस पर मोहल्ले के मोहम्मद इस्लाम, तौफीक, असलम, सैयद
राशिद अली, नौशाद खां, मेवाराम, रमेश राठौर, अभिषेक कुमार,
एकलव्य कुमार,
मान सिंह, रेखा देवी, ममता देवी, राजेश्वरी देवी, हरिप्रसाद सिंह,
राधेश्याम, आदर्श कुमार, मोनू ठाकुर, विशाल सिंह समेत काफी संख्या में
लोगों ने शुक्रवार को जाम की लगाने की योजना बना ली। इसकी भनक एसओ सुनील
यादव को लग गई। उन्होंने कुछ लोगों को बुला कर वार्ता की। इसके बाद ठेका
मालिक अजयपाल सिंह निवासी रायपुर थाना मऊदरवाजा को बुला कर ठेका बंद करा
दिया। दोपहर दो बजे के बाद मोहल्ले के लोग दोबारा प्रदर्शन करने के लिए जमा
हो गए। यहां
ठेका हटाने के लिए हंगामा करने लगे। आक्रोशित लोगों ने शराब
ठेका का बोर्ड उखाड़ दिया। बैनर भी फाड़ा। इसके बाद प्रदर्शनकारी चले गए।
इस मामले में ठेका मालिक अजयपाल ने थाना पुलिस को तहरीर दी। आरोप लगाया कि
मोहल्ले के कुछ लोगों ने उनके ठेके पर पथराव कर बोर्ड को उखाड़ दिया। तहरीर
की जानकारी होने पर मोहल्ले के लोगाें में आक्रोश फैल गया। मोहल्ले वालों
का कहना था कि अगर ठेका खोला तो वह लोग जाम लगा कर प्रदर्शन करेंगे।