कमालगंज। दो दिन पूर्व ट्रैक्टर की टक्कर लगने से घायल किशोर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सैफई अस्पताल में किशोर का इलाज चल रहा था। परिजनों ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी।
जहानगंज थाना क्षेत्र के गांव लउआ नगला मानपट्टी निवासी जागेश्वर यादव का 16 वर्षीय पुत्र अंकित कुमार मंगलवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे गांव के राजपाल की नई बाइक लेकर कमालगंज कस्बा जा रहा था। रास्ते में नगरिया देवधरापुर गांव के पास ट्रैक्टर चालक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में अंकित गंभीर रूप से घायल हो गया।
आस पास मौजूद लोगों ने घायल को सीएचसी में पहुंचाया। जहां से उसे लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। हालत में सुधार न होने पर परिजन घायल को कानपुर ले गए। बुधवार को घायल की हालत गंभीर होने पर उसे सैफई स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान गुरुवार को अंकित ने दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। दोपहर को शव घर पहुंचने पर यूपी 112 को सूचना दी गई। शाम को परिजनों ने थाने पहुंचकर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अंकित तीन भाई हर्षित व वीरेश में बीच का था। मां मिथलेश कुमारी बिलखती रही। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के राजपाल की बाइक एजेंसी कमालगंज में है। राजपाल के साथ अंकित बाइक लेकर एजेंसी जा रहा था। (संवाद)