नवाबगंज। मछली मारने गए किशोर की पैर फिसलने से बघार नाला में डूबने से मौत हो गई। इससे परिजन रो-रोकर बेहाल हो गए।
थाना क्षेत्र के ग्राम नगला दमू रजनीश कुमार का पुत्र शेखर(13) अपने दोस्तों के साथ गांव से कुछ दूरी पर बघार नाले में शुक्रवार दोपहर 1:00 बजे मछली मारने गया था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूबने लगा। साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया पर सफलता नहीं मिली। दो साथी दौड़कर गांव पहुंचे और ग्रामीणों को सूचना दी। जब तक ग्रामीण पहुंचे तब तक शेखर पानी में डूब गया था।
सूचना पाकर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक ने कुछ युवकों को पानी में उतारा। उन्होंने मशक्कत कर शेखर को तलाश कर बाहर निकाला। पुलिस व परिजन उसे सीएचसी नवाबगंज लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टर रितेश कुमार ने उसे मृत घोषित कर दिया। तीन भाइयों सागर(16) व प्रियांशु(4) में दूसरे नंबर का था और कक्षा चार में नवाबगंज स्थित शहीद डीपीएस इंटर कॉलेज में पढ़ता था। पिता गुजरात में मजदूरी करते हैं। उसको सूचना दे दी गई है। मां सोनी देवी रो-रोकर बेहाल हो गईं। प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। (संवाद)