फोटो-15,पुलिस लाइन सभगार में आयोजित साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम,स्रोत:पुलिस
- फोटो : स्वयं
फर्रुखाबाद। जनपद में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और पुलिस को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के लिए पुलिस लाइन सभागार में विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। अपर पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ के निर्देशन में आयोजित इस कार्यशाला में साइबर क्राइम थाना और जनपद के सभी थानों पर गठित साइबर हेल्प डेस्क के कर्मियों को साइट्रेन एप के माध्यम से आधुनिक तकनीकों और तरीकों का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में विशेषज्ञों ने ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया फ्रॉड, बैंकिंग धोखाधड़ी, यूपीआई और ओटीपी स्कैम जैसी बढ़ती घटनाओं की पहचान और त्वरित कार्रवाई के उपाय बताए। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार ने कहा कि हर माह साइबर अपराध पुलिस के लिए चुनौती बनते जा रहे हैं। उन्होंने सभी कर्मियों को निर्देश दिए कि प्रशिक्षण में सीखी गई तकनीकी का तुरंत उपयोग कर साइबर अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करें ताकि लोगों को समय पर न्याय मिल सके। संवाद