महिला की चेन तोड़ते सीसीटीवी में कैद हुआ बदमाश। अमर उजाला
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। स्कूल से लौटकर घर के बाहर स्कूटी खड़ी करते वक्त एक बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने शिक्षिका से हाथापाई कर चेन लूट ली। पूरा घटनाक्रम पीड़िता के घर के दरवाजे पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। जिस समय यह घटना हुई, उस समय पुलिस आवास विकास तिराहे पर चेकिंग कर रही थी। इसके बाद भी बदमाश आसानी से भाग गए। सूचना पर चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की।
शहर कोतवाली की पॉश कालोनी आवास विकास निवासी एलआईसी में हाईग्रेड असिस्टेंट ऑफीसर महेश यादव की पत्नी मिथलेश यादव जूनियर हाईस्कूल गढ़िया में शिक्षिका हैं। वह शनिवार शाम स्कूल से शाम करीब 3.16 बजे स्कूटी से घर के बाहर पहुंचीं। शिक्षिका स्कूटी खड़ी भी नहीं कर पाई थीं कि एक बाइक पर सवार नकाबपोश दो बदमाशों में से एक ने उतरकर शिक्षिका से छीनाझपटी शुरू कर दी। स्कूटी गिर गई और शिक्षिका करीब 20-25 कदम पीछे हटती चली गईं। इस दौरान वह चिल्ला रही थीं, लेकिन हेलमेट लगा होने से आवाज दूर तक नहीं पहुंच पा रही थी।
घटना के वक्त शिक्षिका का पुत्र आयुष बाहर निकला। मां से चेन छिनती देख वह भी डर की वजह से चिल्लाया नहीं। तभी बदमाश ने शिक्षिका से हाथापाई कर चेन तोड़ी और वह हेलमेट लगाए खड़े बाइक सवार के साथ मौके से फरार हो गया। बदमाश के भाग जाने के बाद शिक्षिका ने हेलमेट उतारकर शोर मचाया, तो मोहल्ले के लोग एकत्रित हो गए। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी दीपक त्रिवेदी भी घटनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने पीड़ित शिक्षिका से जानकारी ली। चौकी प्रभारी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।