बैंकर्स ग्राहक समागम की पत्रकार वार्ता में जानकारी देते बीओआई के जीएम बृजलाल।
- फोटो : FARRUKHABAD
लीड बैंक की ओर से चल रहे दो दिवसीय बैंकिंग-ग्राहक मिलन कार्यक्रम में वक्ताओं ने बैंकों को घर-घर तक पहुंचाने का लक्ष्य बताया। कहा कि हर जरूरतमंद को बैंकिंग लाभ मिलना जरूरी है। बीओआई के जीएम बृजलाल ने डिजिटल लेन-देन पर जोर दिया। कहा कि किसी भी बैंक की शाखा में कोई दिक्कत है, तो बड़े अफसरों से शिकायत करें।
शहर के बढ़पुर स्थित एक गेस्ट हाउस में चल रहे कार्यक्रम के समापन सत्र में जीएम ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम 400 जिलों में हो रहे हैं। इस आयोजन में बैंकिंग योजनाओं का लाभ लेने के लिए कृषि संबंधी व्यापारियों की सक्रिय एवं उत्साही भागीदारी रही। ऐसे ही कार्यों से देश की पांच ट्रिलियन डालर अर्थव्यवस्था में बैंकों की भागीदारी होगी।
महाप्रबंधक ने पत्रकारों से वार्ता में कहा कि यदि किसी भी बैंक में ग्राहक को दिक्कत है, तो वह संबंधित अफसर को मौखिक अथवा उच्चाधिकारियों को लिखित में अवगत कराएं। एक सवाल के जवाब में बोले, एटीएम से लिखा हुआ नोट निकले, तो बैंक को तुरंत बताएं। यदि न सुने तो आरबीआई को शिकायत करें।
कहा कि किसी भी योजना का लाभ लेने को बैंक अफसर, कर्मचारी को लालच न दें। काम सही कराएं। ग्राहक की बैंक में गुडविल होगी, तो कभी दिक्कत नहीं आएगी। एजीएम प्रियव्रत पटनायक, एसबीआई एजीएम केके साहू, आर्यावर्त आरएम बीपी सहाय, एलडीएम केएल उपाध्याय समेत नाबार्ड के अधिकारी भी मौजूद रहे।