फोटो-28 लोहिया अस्पताल में पानी की टंकी का वॉल्व खोलने के लिए पानी निकालते कर्मचारी। संवाद
फर्रुखाबाद। लोहिया अस्पताल परिसर में बनी टंकी का वॉल्व खराब होने से अस्पताल में भर्ती मरीज, तीमारदार, डॉक्टर व कर्मचारी पानी के लिए तरस गए। आवासीय परिसर में भी पानी नहीं मिल सका। वॉल्व की मरम्मत कराने के लिए टंकी से पानी निकाला गया, तो मुख्य मार्ग पर जलभराव हो गया। देर शाम पानी की सीधी आपूर्ति शुरू होने पर कुछ स्थानों पर राहत मिली।
लोहिया अस्पताल और आवासीय परिसर में पानी की आपूर्ति करने के लिए दो नलकूप और एक टंकी बनी है। नलकूपों से टंकी को भर दिया जाता है। बुधवार सुबह जब कर्मचारी संजय ने वॉल्व में रॉड लगाकर खोला तो फेल हो गया। इससे आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी। लिहाजा सभी वार्डों, ओपीडी में डॉक्टरों के कमरे, ब्लड बैंक, रसोईघर के अलावा आवासों में भी पानी की आपूर्ति बंद हो गई। इसके बाद ऑपरेटर संजय ने वॉल्व खोलने के लिए पानी की टंकी का वापसी पाइप खोल दिया। इसके बाद चार घंटे में टंकी खाली हुई। महिला अस्पताल के सामने मुख्यमार्ग पर जलभराव हो गया। मरीजों व तीमारदारों को निकलने में खासी दिक्कत हुई। सीएमएस डॉ. जगमोहन शर्मा ने बताया कि अचानक दिक्कत आई थी। वॉल्व के रॉड की मरम्मत करके शीघ्र ही टंकी से आपूर्ति कराई जाएगी।