फर्रुखाबाद। दिनदहाड़े शिक्षिका से चेन लूटने की घटना का पुलिस तीसरे दिन भी खुलासा नहीं कर सकी है। हालांकि सर्विलांस टीम और सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद कुछ संदिग्धों को चिह्नित कर लिया गया है। पुलिस एक-दो दिन में उन्हें हिरासत में ले लेगी।
शहर कोतवाली के आवास विकास कालोनी में पांच अक्तूबर को अपराह्न सवा तीन बजे स्कूल से लौटते वक्त शिक्षिका मिथलेश यादव से नकाबपोश बाइक सवार बदमाशों ने उन्हीं के घर के बाहर से चेन लूट ली थी। दिनदहाड़े व्यस्त इलाके में घटना को अंजाम देने के बाद से कॉलोनी वासियों में दहशत है। महिलाओं ने अकेले घरों से निकलना कम कर दिया है। घटना के खुलासा को सर्विलांस टीम को भी लगाया गया है। सर्विलांस टीम ने घटना के वक्त क्षेत्र में सक्रिय संदिग्धों के मोबाइलों की लोकेशन खंगाली है। यही नहीं सीसीटीवी फुटेज की क्लिप का भी अध्ययन किया जा रहा है।
घटना के तीन दिन बाद भी पुलिस ने अभी घटना में किसी को भी हिरासत में नहीं लिया है। हालांकि आवास विकास चौकी प्रभारी दीपक त्रिवेदी ने बताया कि संदिग्धों को चिह्नित कर लिया गया है। एक-दो दिन में गिरफ्तार करके मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।