फर्रुखाबाद। एकल व शिक्षकविहीन परिषदीय विद्यालयों में सरप्लस शिक्षकों की तैनाती की जाएगी। बेसिक शिक्षा विभाग ने अंतर जनपदीय (जिले के अंदर) तबादले व समायोजन के निर्देश जारी किए हैं।
कहा है कि वे विद्यालय भी चिह्नित किए जाएं, जहां सरप्लस शिक्षक हैं। जिले में लगभग आधा सैकड़ा से ज्यादा विद्यालय एकल व शिक्षकविहीन हैं। नगर क्षेत्र में प्राथमिक विद्यालय भोपतपट्टी, कन्या प्राथमिक विद्यालय बढ़पुर, नरायनपुर, कायमगंज ब्लॉक में प्राथमिक विद्यालय भूड़ व प्राथमिक विद्यालय मंतपुरा एकल शिक्षक के भरोसे चल रहे हैं।
बेसिक शिक्षा विभाग ने जनपदीय तबादले के निर्देश सभी बीएसए को दिए हैं। अंतरजनपदीय तबादले ग्रामीण से ग्रामीण सेवा संवर्ग व नगर से नगर सेवा संवर्ग में ही किए जाएंगे। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में तबादले किए जाएंगे।
प्रभारी बीएसए डॉ. अनुपम अवस्थी ने बताया कि शासन के आदेश से सभी खंड शिक्षाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। गौरतलब है कि जनपद में 1576 परिषदीय विद्यालय हैं। (संवाद)