कायमगंज। चीनी मिल के टोकन गेट के पास गुरुवार को गन्ना लदी ट्रैक्टर ट्राली पलटने से से किसानों के दो गुटों में पथराव हो गया। पुलिस के पहुंचने से पहले एक पक्ष के किसान भाग गए। पुलिस ने मौके से दो बाइक जब्त की हैं। एक किसान ने दूसरे पक्ष के किसानों के खिलाफ दी तहरीर में पत्थर डालकर ट्रैक्टर ट्रॉली पलटाने का आरोप लगाया है।
कंपिल थाना क्षेत्र के गांव सवितापुर बिहारीपुर निवासी किसान का चालक गन्ना लदी ट्रैक्टर ट्राली लेकर जा रहा था। चीनी मिल टोकन गेट के मोड़ पर ट्रैक्टर ट्राली पलट गई। बाइक से निकल रहे गांव रुटौल के दो किसान ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आने से बचे। बाइक सवार किसानों ने ट्रैक्टर चालक से मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच चालक के साथ आए किसान और दूसरे पक्ष से भी कुछ लोग पहुंच गए। दोनों पक्षों के बीच मारपीट के बाद पथराव होने लगा। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची, लेकिन इससे पहले बाइक पर आए किसान भाग गए। पुलिस दो बाइक जब्त कर कोतवाली ले गई। मारपीट व पथराव में किसी को चोट नहीं आई है। गांव सवितापुर बिहारीपुर निवासी राकेश कुमार ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। इसमें आरोप लगाया कि बाइक सवार लोगों ने पहिये के नीचे पत्थर डालकर ट्रैक्टर ट्राली पलटा दी। पुलिस मामले की छानबीन कर कर रही है।