फेंका गया सामान समेटते दुकानदार।
- फोटो : amarujala
मोलभाव को लेकर हुए विवाद में हमलावरों ने दुकानदार को लाठियों से पीटकर घायल कर दिया। बचाने पर चाचा व भाई को भी पीट दिया। दुकान में तोड़फोड़ कर सामान फेंक दिया। पड़ोसी दुकान का भी सामान फेंक दिया। दुकानदार ने युवकों पर नगदी लूट ले जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने चार युवकों को हिरासत में ले लिया है।
थाना क्षेत्र के मोहल्ला अंबेडकर नगर में सुमित गुप्ता की सब्जी मंडी में परचून की दुकान है। शुक्रवार शाम सुमित दुकान पर बैठा था। इस बीच सरायमेदा का युवक सुमित की दुकान पर पहुंचा। यहां पर सौदे में मोलभाव को लेकर दुकानदार से विवाद होने लगा। कहासुनी होने पर युवक धमकी देकर चला गया। कुछ समय बाद युवक अपने साथियों के साथ लाठियों से लैस होकर पहुंचा। हमलावरों ने सुमित के साथ मारपीट शुरू कर दी। जानकारी पर सुमित का भाई अमित और चाचा संजीव बीच बचाव करने पहुंचे। आरोपियों ने इनके साथ भी मारपीट कर दी। दुकान में तोड़फोड़ कर सामान फेंक दिया। सुमित के पड़ोसी वीरपाल की परचून दुकान का सामान फेंक दिया।
मुख्य बाजार में मारपीट होने से अफरातफरी मच गई। घटना की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने चार युवकों को हिरासत में ले लिया। दुकानदार सुमित ने बताया कि आरोपी दुकान से 32 हजार रुपये और सामान ले गए। वहीं पड़ोसी दुकानदार वीरपाल ने बताया कि आरोपी उसकी दुकान से सात हजार रुपये ले गए। आसपास के दुकानदार इस घटना को लेकर आक्रोशित हो गए। थाना प्रभारी प्रदीप सिंह ने बताया कि लूटपाट की बात सामने नहीं आई है। मारपीट की सूचना पर पुलिस गई थी। चार युवकों को हिरासत में लिया गया। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।