फर्रुखाबाद। विश्वविद्यालय सीसीटीवी से परीक्षाओं की मॉनिटरिंग कर रहा है। रिकार्डिंग में जिले के चार केंद्रों में अनियमितता मिलने पर इन कालेजों के परीक्षार्थियों को दूसरे केंद्र पर से संबद्ध किया गया है। बुधवार को परीक्षार्थियों ने बदले केंद्रों पर ही परीक्षा दी।
कमालगंज ब्लाक के सागर सिंह सोमवती महाविद्यालय बहोरिकपुर, में परीक्षा दे रहे रामकृष्ण महाविद्यालय के छात्रों ने बुधवार को बदले हुए केंद्र आरपी डिग्री कालेज कमालगंज में परीक्षा दी। वहीं बहोरिकपुर में ही पढ़ने वाली छात्राओं ने स्व केंद्र के बजाय कन्नौज जिले के नेहरू पीजी कालेज छिबरामऊ में परीक्षा दी। बाबू सिंह दददूजी कृषि महाविद्यालय फर्रुखाबाद में अध्ययनरत छात्रों का केंद्र बदलकर डीएन पीजी काॅलेज फतेहगढ़ कर दिया गया है। कृष्णा देवी बालिका डिग्री कालेज खंदिया में अध्ययनरत छात्रओं का पूर्व केंद्र हटाकर शहर के बद्रीविशाल पीजी काॅलेज कर दिया गया। सभी चार कॉलेजों के छात्रों को स्ववित्तपोषित से हटाकर सरकारी सहायता प्राप्त(अनुदानित) श्रेणी के काॅलेज वाले केंद्र पर भेजा गया। सूत्रों के अनुसार एक परीक्षा केंद्र पर नकल कराने के दौरान सीसीटीवी कैमरा तो बंद कर दिए गए लेकिन वायस (आवाज) रिकार्डिंग खुली रह गई। आरोप है कि कुछ केंद्र परीक्षा के दौरान 15 मिनट के लिए सीसीटीवी की रिकार्डिंग बंद कर बहुविकल्पीय प्रश्नों के सही उत्तर पर टिक लगवा देते हैं। इसका उन्हें पैसा भी मिलता। जिन कॉलेजों में नकल नहीं होती, उनके छात्र मायूस रह जाते हैं। जबकि नकल वाले केंद्रों पर परीक्षा देने वाले छात्रों की बल्ले-बल्ले होती है।