फर्रुखाबाद। कृष्णा देवी डिग्री कॉलेज के गेट पर बीएससी द्वितीय वर्ष में फेल हुईं छात्राओं ने प्रदर्शन किया। मनमानी तरीके के उत्तर पुस्तिकाएं जांचने का आरोप लगाया है।
परीक्षा में फेल हुई छात्राओं को कॉलेज के कर्मचारी ने व्हाट्सएप पर मैसेज करके सोमवार को बुलाया। सभी छात्राएं सुबह 10 बजे कॉलेज पहुंच गईं। 12 बजे उन्हें कॉलेज से बाहर निकाल दिया गया। कहा गया कि जिस कर्मचारी ने उन्हें बुलाया था, वह बघार स्थित दूसरे कॉलेज में हो रही बैठक में शामिल होने गए हैं।
इस पर छात्राएं गुस्सा गईं और प्रबंधन पर मनमानी का आरोप लगाकर कॉलेज गेट पर हंगामा किया। कहाकि कॉलेज प्रबंधन ने प्रैक्टिकल में अच्छे नंबर दिलाने के नाम पर 1500-1500 रुपये अलग से जमा कराए। बावजूद इसके 30 से 40 नंबर ही दिए गए।
दो बजे कॉलेज के प्राचार्य विनोद कुमार यादव ने छात्राओं को कार्यालय बुलाकर बात की। उन्होंने सभी छात्राओं व अभिभावकों से कहा कि वह उनके साथ हैं। जरूरत पड़ी तो यूनीवर्सिटी भी चलेंगे।
इस पर छात्राएं शांत हो गईं। जसमई की एक छात्रा की मां पूजा शर्मा ने कहा कि प्रवेश के वक्त पास करवाने की बात कही जाती है। प्रदर्शन में श्रृष्ठि सिंह, अमृता सिंह, उन्नति सिंह, अनुष्का, श्रृष्टि भास्कर, सानिया आदि छात्राएं मौजूद रहीं थीं।