कमालगंज में घटनास्थल पर पड़ताल करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
छात्रा से छेड़छाड़ को लेकर शुक्रवार को दो समुदाय के लोग आमने- सामने हो गए। आपस में लाठी डंडे चले। बाइकों में तोड़फोड़ की गई। सूचना पर पुलिसबल मौके पर पहुंचा। बाद में कुछ लोगों ने बीच बचाव कर समझौता कराया।
घटनाक्रम के अनुसार गांव कंधरापुर की रहने वाली छात्रा गंगाइच ट्यूशन पड़ने जाती है। गंगाइच का ही युवक उससे छेड़खानी करता था। इस पर छात्रा ने जहानगंज रोड पर ककरैया के पास दुकान रखे अपने फूफा से घटना बताई। मामले की जानकारी मिलने पर छात्रा के फूफेरे भाई रास्ते में खड़े हो गए। जैसे ही शोहदे ने छेड़छाड़ की तो उसने बुलाया और समझाया। इस पर छेड़खानी करने वाला युवक उलझ गया।
इसी बात को लेकर दोनों में मारपीट हो गई। इसकी जानकारी मिलने पर दूसरे पक्ष के लोग भी लामबंद हो गए। स्थिति यह हुई कि कुछ देर में ही दोनों पक्ष के लोग आमने- सामने हो गए। जमकर लाठीडंडे चलने लगे। इस झगड़े में अरबाज और ऋषभ कटियार घायल हो गए। बाइकें टूट गईं। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष अजय चौहान दलबल के साथ मौके पर पहुंचे।
इस पर झगड़ा कर रहे लोग पुलिस को देखकर भाग गए। मामले की सूचना मिलने पर भाजपा नेता अभय सिंह जनसेवक और सपा नेता उमेश यादव पहुंच गए। इन लोगों ने समझा बुझाकर शांत कराया। दोनों पक्ष समझौते के लिए राजी हो गए। किसी भी पक्ष की ओर से रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। क्षेत्राधिकारी देवेंद्र कुमार सिंह दलबल के साथ थाने में डटे हुए हैं। कुल मिलाकर आपसी समझौता के बाद भी इलाके में तनाव बना हुआ है।