अमृतपुर (फर्रुखाबाद)। विद्यार्थी विज्ञान मंथन एवं विज्ञान भारती की ओर से विश्व ओजोन दिवस के उपलक्ष्य पर कराई गई ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता में जिले की एकमात्र छात्रा पास हुई है। छात्रा ने प्रदेश स्तर पर 38वां स्थान पाया है। प्रधानाचार्य ने छात्रा को बधाई दी।
विद्यार्थी विज्ञान मंथन एवं विज्ञान भारती की ओर से विश्व ओजोन दिवस के उपलक्ष्य पर 10 से 16 सितंबर तक ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता कराई गई। इसमें कई स्कूलों के कक्षा 8 से 12 तक के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। पूरे प्रदेश में 1112 विद्यार्थी पास हुए हैं। इनमें राजकीय बालिका इंटर कालेज राजेपुर की कक्षा आठ की छात्रा रिया राजपूत पुत्री रामसनेही निवासी नगला हूसा ने प्रदेश में 38वां स्थान पाया है। वह जिले से अकेली चुनी गईं हैं। छात्रा के पिता रामसनेही प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक हैं। प्रधानाचार्य दीपिका राजपूत ने बताया कि छात्रा को पुरस्कार दिया जाएगा। इसकी अभी तारीख घोषित नहीं हुई है।