फर्रुखाबाद। दो बाइकों में आमने-सामने हुई भिड़ंत में एक छात्र की मौत हो गई, जबकि दो घायल हो गए।
शमसाबाद थाने के गांव मसूदपुर पट्टी निवासी विपिन कुमार (19), दोस्त पुष्कर (18) के साथ मंगलवार देर शाम चिलसरा से सब्जी लेकर बाइक से घर लौट रहा था।
प्रहलादपुर गांव के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से सीधी भिड़ंत हो गई। इसमें पुष्कर, विपिन और दूसरी बाइक सवार प्रहलादपुर निवासी अनेकपाल (30) घायल हो गए। तीनों को लोहिया अस्पताल लाया गया। हालत गंभीर होने पर तीनों को रेफर कर दिया गया। परिजन घायल विपिन को निजी अस्पताल ले गए। बुधवार शाम साढ़े तीन बजे उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। विपिन का छोटा भाई मंगू, बहन सूरजमुखी, माला और मां लज्जावती का बदहवास है। विपिन ने कक्षा इंटर की परीक्षा पास की थी।
हेलमेट होता तो बच सकती थी जान
दोनों बाइकों पर सवार तीनों युवक हेलमेट नहीं लगाए थे। विपिन और पुष्कर के सिर में गंभीर चोटें थीं। माना जा रहा है कि यदि हेलमेट लगाए होते, तो जान बच सकती थी।