घर पर अपनी मां के पास मौजूद सूरज व संगम।
- फोटो : अमर उजाला
साइकिल से स्कूल जा रहे दो सगे भाइयों में से एक को आल्टो कार सवार बदमाशों ने गाड़ी में डालकर अपहरण का प्रयास किया। जटवारा स्थित पेट्रोल पंप के पास कार धीमी होने पर छात्र कार से कूदकर छिप गया, जिस पर बदमाश भाग गए। दोनों छात्रों ने घर जाकर घटना की जानकारी दी।
फिलहाल परिजनों ने पुलिस को लिखित तहरीर नहीं दी है। वहीं एसओ घटना को संदिग्ध मान रहे हैं।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव महमदपुर धनी निवासी राजवीर गंगवार के पुत्र सूरज (12) कायमगंज स्थित एपी पब्लिक स्कूल में कक्षा सात और संगम (14) कक्षा आठ में पढ़ते हैं। सोमवार को विद्यालय में अभिभावकों की बैठक थी। सुबह करीब 10 बजे एक ही साइकिल से संगम और सूरज स्कूल जा रहे थे।
संगम के मुताबिक बड़ी देवी मंदिर के सामने लाल रंग की कार पर सवार लोगों ने सूरज को साइकिल से खींचकर गाड़ी में डाल लिया और जटवारा की ओर भाग खड़े हुए। यह देख संगम ने साइकिल से वाहन का पीछा करना शुरू कर दिया। जटवारा के पास स्थित पेट्रोल पंप के पास सूरज गाड़ी से कूदकर कहीं छिप गया।
पेट्रोल पंप पर भीड़ देख अपहरणकर्ता मौके से वाहन लेकर भाग गए। बदमाशों के जाने के बाद सूरज बाहर निकलकर आया। इस दौरान उसका भाई संगम भी पीछे से आ गया। छात्र सूरज ने बताया कि गाड़ी में तीन लोग थे जो अपने मुंह ढके थे।
संगम ने बताया कि बदमाश लाल रंग की आल्टो कार पर सवार थे उसका नंबर भी नोट किया है। राजवीर गंगवार के रिश्तेदार कौशल गंगवार ने घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। लोगों का कहना है कि इस समय नवरात्र पर मंदिर के पास मेले जैसा माहौल रहता है और यहां अपहरण के प्रयास जैसी वारदात होना चिंता का विषय है।
उधर, एसओ दधिबल तिवारी ने बताया कि बच्चों ने परिवारवालों को गुमराह करने के लिए कहानी बनाई है। परिजनों ने भी कोई तहरीर नहीं दी है। फिर भी मामले की गहनता से जांच करवाई जाएगी।