दलाई लामा की सुरक्षा में सेंध लगने के बाद मैनपुरी का पुलिस प्रशासन बेहद चौकन्ना नजर आया। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने वाले अनुयायियों की कई जगह तलाशी ली गई। किसी को भी बगैर पास के पंडाल के अंदर प्रवेश नहीं करने दिया गया। मोबाइल से लेकर गुटका तक बाहर ही जमा कराया गया।
बौद्ध गुरु दलाई लामा के प्रवचन स्थल मैनपुरी के राजघाट पर वाईबीएस सेंटर की सुरक्षा की जिम्मेदारी मैनपुरी पुलिस की थी। वहीं, उनके ठहरने के स्थल संकिसा स्थित होटल रायल रेजीडेंसी में दलाई लामा की सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी फर्रुखाबाद पुलिस के हवाले थी। मंगलवार को प्रवचन स्थल मैनपुरी के राजघाट पर मंच के ऊपर मुलायम सिंह यादव की बहू अपर्णा सिंह के साथ एक सुरक्षा कर्मी भी पिस्टल लेकर चढ़ गया तो मैनपुरी के एएसपी और आयोजन समिति के सदस्यों ने उसे बाहर निकाल दिया था। बुधवार को इस खबर को मीडिया ने प्रमुखता से प्रकाशित किया। इसके चलते दलाई लामा की सुरक्षा और कड़ी कर दी गई।
होटल के बाहर भी भारी संख्या में पुलिसबल तैनात किया गया। पुलिस ने बगैर पास के किसी भी व्यक्ति को अंदर नहीं घुसने दिया। इसके साथ ही होटल से कार्यक्रम स्थल तक चप्पे-चप्पे पर ज्यादा से ज्यादा फोर्स तैनात कर दिया गया। प्रवचन स्थल पर जिस जगह से दलाई लामा मंच पर चढ़ते हैं। वहां भी पहले से ज्यादा फोर्स दिखाई दिया। इसके साथ ही कार्यक्रम में आने वाले अनुयायियों की कई जगह तलाशी ली गई। मुख्यगेट पर लाइन लगवाकर पुलिस अनुयायियों की तलाशी ले रही थी। मेटल डिटेक्टर के साथ ही वालंटियर भी तलाशी लेते रहे। किसी को भी मोबाइल से लेकर गुटका तक पंडाल के अंदर नहीं ले जाने दिया गया।