जहानगंज। पुत्री की मौत की सूचना पर पहुंचे पिता व अन्य परिजनों के साथ ससुरालीजनों ने मारपीट कर पथराव कर दिया। पुलिस ने 10 ससुरलीजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाना क्षेत्र के गांव महमदपुर अमलैया निवासी मुलायम जयपुर में नौकरी करते हैं। उनकी पत्नी निशा की जयपुर में प्रसव के दौरान मौत हो गई। सोमवार को निशा का शव घर पहुंचा। जानकारी होने पर मोहम्मदाबाद कोतवाली के गांव कटिन्ना मानिकपुर निवासी पिता ओम प्रकाश, पुत्र पवन, लाल बहादुर,पत्नी सविता, भाई भूरे, विनय, निशा कुमारी के साथ बेटी की ससुराल पहुंचे। परिजनों ने ससुरालीजनों पर इलाज में लापरवाही करने का आरोप लगाया। इस पर दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी।
ससुरालीजनों ने विवाद बढ़ने पर लाठी-डंडों से मारपीट कर पथराव कर दिया। मारपीट मेें ओम प्रकाश, पवन, लालबहादुर, सविता, भूरे, निशा कुमार व विनय घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों का मेडिकल कराया। पुलिस ने ओम प्रकाश की तहरीर पर अनिल, विकास , राहुल, हिमांशु, लालू, बबलू, सु़रेश, नेता, अनुज, अनिल की पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। इंस्पेक्टर हरिश्याम सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है।