कमालगंज। पारिवारिक विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। लाठी-डंडे चलने से एक ही पक्ष से सात लोगों के चोट आई। घायलों ने ट्रैक्टर से थाने पहुंचकर घटना की तहरीर दी। पुलिस ने घायलों को सीएचसी भेज इलाज कराया।
थाना क्षेत्र के श्रृंगीरामपुर ग्राम पंचायत के मजरा भिम्मी नगला निवासी रघुवीर सिंह का मंगलवार सुबह उसके भाइयों से संपत्ति बंटवारे को लेकर पंचायत हुई। बटवारे में हुई कहासुनी को लेकर रामप्रताप आदि बुरा मान गए। पंचायत खत्म होने के बाद शाम करीब छह बजे रघुवीर अपने पुत्र रणधीर, मिथुन के साथ गांव में सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान परिवार के रामप्रताप, रजनेश, राजकुमार, राजीव आदि के साथ पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में रघुवीर, उनके पुत्र रामतीर्थ, विक्रम, शेर सिंह, रणधीर, मिथुन, पुत्री सोनी घायल हो गए। सभी लहूलुहान अवस्था में ट्रैक्टर से थाने पहुंचे। घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने पूछताछ कर घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। घायल रणधीर ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है। (संवाद)