फर्रुखबाद। शहर के चिलसरा रोड पर देर शाम दुकानदार ने पुराने विवाद में एक युवक को पीट दिया। इसी बात से नाराज ग्राम प्रधान समेत कई लोगों ने दुकान पर पहुंचकर मारपीट कर दिया। मारपीट में दोनों पक्षों से सात लोग हैं। दुकानदार की तहरीर पर पुलिस ने प्रधान समेत सात लोगों को हिरासत में लिया है।
मऊदरवाजा थाने के मोहल्ला बैजनाथ स्ट्रीट निवासी सोमवीर चिलसरा रोड पर शराब ठेका के पास नमकीन, पानी की दुकान चलाते हैं। सोमवार की दोपहर में भोपत पट्टी निवासी लालाराम के पुत्र को दुकान पर मारपीट कर घायल कर दिया गया। पीड़ित ने इसकी शिकायत घर पर की, तो देर शाम ग्राम प्रधान कई लोगों के साथ दुकान पर शिकायत करने पहुंचे। आरोप है कि दुकानदार ने गाली-गलौज कर सबक सिखाने की धमकी दी। इसी बात पर गुस्साए लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। दोनों पक्षों में चले लाठी डंडों से सोमवीर के अलावा भाई रवि, उदयवीर, अनुज, अमन, दीपक और लालाराम के पुत्र को काफी चोटें आईं। सोेमवीर ने प्रधान समेत कई अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने घायलों का डॉक्टरी परीक्षण कराया।