फर्रुखाबाद। सातवें वेतन आयोग की रिपोर्ट के विरोध में राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के पदाधिकारियों ने बैठक कर दो दिवसीय कलम डाउन हड़ताल करने का निर्णय लिया है। कर्मचारी 22 और 23 दिसंबर को हड़ताल पर रहेंगे। 21 दिसंबर को शहर के मुख्य मार्गो से बाइक जुलूस निकाल कर विरोध जताया जाएगा।
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद की कार्यकारिणी की बुधवार को लोहिया अस्पताल में जिलाध्यक्ष अखिलेश चंद्र अग्निहोत्री की अध्यक्षता मेें बैठक हुई। इसमें मयंक द्विवेदी को मंडलीय मंत्री का दायित्व सौंपे जाने पर खुशी जाहिर की गई।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि सातवें वेतन आयोग की रिपोर्ट के विरोध में 21 दिसंबर को दफ्तरों में हस्ताक्षर करने के बाद सभी कर्मचारी बाइकों से तहसील सदर में पहुंचेंगे। इसके बाद बाइक जुलूस मुख्य मार्गों से निकाल कर कलेक्ट्रेट पहुंचेंगे। यहां आयोग की रिपोर्ट के विरोध में जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया जाएगा।
22 व 23 दिसंबर को प्रत्येक कार्यालय के कर्मचारी कार्यालय में पहुंच कर हस्ताक्षर करने के बाद बाहर निकल आएंगे। इसके बाद आंदोलन की रणनीति तैयार करेंगे। इससे हड़ताल सफल हो सके। इस दौरान शेष नरायन सचान, अरुण दुबे, विनोद कुमार कटियार, नरायन देवी, पुष्पेंद्र, अनूप शुक्ला, अमर पाल भदौरिया, दिलीप कुमार, धर्मेंद्र सिंह, शशिलेंद्र सिंह, शिवकुमार समेत कई कर्मचारी मौजूद रहे।