पुलिस अधीक्षक अतुल शर्मा के नेतृत्व में शनिवार दोपहर पुलिस ने परिवहन कार्यालय में छापा मारा। पुलिस की गाड़ियों को देखकर दलालों में भगदड़ मच गई। कार्यालय में लिपिकों के पास बैठकर काम करने वाले बाहरी लोग भाग कर पोस्ट आफिस परिसर में घुस गए। पुलिस ने 14 बाहरी लोगों को पकड़ लिया। करीब छह-सात बाइकों को लावारिस होने पर कोतवाली भेज दिया गया।
परिवहन कार्यालय फतेहगढ़ में बाहरी लोगों के दखल से काम प्रभावित होता है। इसकी शिकायत एआरटीओ ने डीएम और एसपी से की थी। शनिवार दोपहर एसपी अतुल शर्मा, एएसपी त्रिभुवन सिंह ने सीओ सिटी, फतेहगढ़ कोतवाल के साथ परिवहन कार्यालय में दबिश दी। पुलिस की गाड़ियों को देखकर कार्यालय परिसर में कुर्सी मेज डाले दलालों में भगदड़ मच गई। कुछ दलाल परिवहन कार्यालय परिसर के पास स्थित पोस्ट आफिस परिसर में घुस गए तो कुछ मौका पाकर वहां से भाग कर मुख्य मार्ग पर आ गए। इससे कार्यालय परिसर में सन्नाटा पसर गया। दलालों की कुर्सी और मेज खाली हो गईं। पुलिस ने 14 लोगों को पकड़ लिया। परिसर में खड़ी छह-सात बाइकों को कोई लेने नहीं आया। इनको पुलिस ने फतेहगढ़ कोतवाली भेज दिया।
एसपी ने एआरटीओ प्रशासन मोहम्मद हसीब को बुलाकर उनसे बाहरी लोगों के दखल के संबंध में जानकारी ली। एआरटीओ के साथ कार्यालय के अंदर जाकर सभी लिपिकों के पटलों को देखा और जानकारी ली। एसपी अतुल शर्मा ने बताया कि परिवहन कार्यालय में बाहरी लोगों का दखल अधिक होने से काम प्रभावित होने की शिकायत थी। इससे कार्रवाई गई। इस तरह का अभियान लगातार चलता रहेगा। ताकि परिवहन कार्यालय में बाहरी लोगों के दखल पर अंकुश लग सके।