फर्रुखाबाद। वकील का अपहरण कर रंगदारी मांगने के मुकदमे में कोर्ट ने सपा नेता जग्गू यादव की जमानत खारिज कर दी। वह गैंगस्टर के मुकदमे में जिला जेल में बंद है।
कादरीगेट थाना क्षेत्र के आवास विकास काॅलोनी निवासी वकील पवनवीर उर्फ सोनू सोलंकी ने फतेहगढ़ लोको काॅलोनी निवासी सपा नेता देवेंद्र सिंह यादव उर्फ जग्गू, भाई योगेंद्र सिंह यादव उर्फ चन्नू, भतीजा आर्यन यादव, चालक मनमोहन उर्फ मोनू यादव, सियाराम व गांव अमेठी जदीद के पूर्व प्रधान जियाउर रहमान उर्फ मुफीद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। इसमें आरोप लगाया कि अपने मुवक्किल राजेश बाबू वर्मा के साथ 16 दिसंबर 2023 को कचहरी आया था। वह जमीन के संबंध में राजेश को जानकारी दे रहा था। उसी दौरान देवेंद्र सिंह यादव उर्फ जग्गू सभी लोगों ने उसका अपहरण कर लिया और अपने घर में पकड़ कर ले गए। वहां इन लोगों ने मारपीट की। 10 लाख की रंगदारी मांगी। परिजनों के पांच लाख रुपये देने पर उसको बाकी रुपया देने की चेतावनी देकर छोड़ दिया। सपा नेता देवेंद्र सिंह यादव गैंगस्टर के मुकदमे में जिला जेल में बंद है।