राजेपुर। दहेज में पांच लाख की मांग पूरी न होने पर ससुरालीजनों ने महिला को पीटकर घर से निकाल दिया। पुलिस ने पति सहित आठ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
जनपद कन्नौज कोतवाली तिर्वा गांव गागेमऊ निवासी जय प्रकाश त्रिपाठी ने राजेपुर थाना क्षेत्र के गांव तुषौर निवासी पति अनुराग, ससुर महावीर, सास उपमा देवी, ननद अंजलि, बुआ राधा देवी, मौसी रूबी अवस्थी, मौसा विजय अवस्थी व फूफा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। इसमें बताया कि पुत्री श्वेता की शादी एक दिसंबर 2021 को अनुराग के साथ की थी। शादी के कुछ माह बाद ही ससुरालीजन दहेज में पांच लाख रुपये व सोने की चेन की मांग कर श्वेता के साथ मारपीट करने लगे। दहेज की मांग नहीं पूरी होने पर श्वेता को मारपीट कर घर से निकाल दिया। एसओ रणविजय सिंह ने बताया कि दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है। (संवाद)