फर्रुखाबाद। जाम की समस्या को लेकर आए दिन परेशान होने वाली जनता को राहत देने के लिए जिला प्रशासन ने मंगलवार को अतिक्रमण अभियान शुरू किया। अभियान केे दौरान पुलिस ने नो इंट्री में जाने वाले टेंपो के चालान किए। अतिक्रमण के दौरान सपा नेता की अफसराें से नोकझोंक हो गई। इसके बाद अभियान बंद हो गया।
शहर में अतिक्रमण से हर कोई त्रस्त है। इसके लिए लोग अफसरों से मिल कर निदान की मांग कर चुके हैं। जनता ने लालगेट से अंदर आने वाले वाहनों पर भी अंकुश लगाने की मांग की है। इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया। पंचायत चुनाव समाप्त होने के बाद प्रशासन ने शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। मंगलवार को अभियान फुस्स हो गया।
मंगलवार को यातायात प्रभारी आशीष पांडेय और कादरीगेट चौकी प्रभारी ने लालगेट तिराहा पर वाहनों की चेकिंग शुरू की। चौकी प्रभारी ने नो इंट्री के अंदर जाने वाले दो टेंपो सीज कर दिए। आठ का चालान किया। कुछ समय बाद सिटी मजिस्ट्रेट शिवबहादुर, सीओ सिटी योगेश कुमार शहर कोतवाली का फोर्स लेकर लालगेट पर पहुंच गए। यहां से फोर्स ने अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया।
पुलिस वालों ने दुकानदारों के बोर्ड हटवाना शुरू किए। इसके साथ ही फुटपाथ पर सब्जी की ठेली और सब्जी लगाने वालों को हटवाया जाने लगा। पुलिस ने कई दुकानों के बोर्ड कब्जे में कर लिए। इस बीच सपा महानगर अध्यक्ष विश्वास गुप्ता को कुछ लोगों ने पुलिस की मनमानी की जानकारी दी। इस पर सपा नेता अपने समर्थकों के साथ लिंजीगंज मोड़ पर पहुंचे। यहां पर अफसरों से सपा नेता की नोकझोंक होने लगी। सपा नेता ने साफ तौर से कहा कि नगर पालिका के लोग पहले अतिक्रमण करने वालाें को चिह्नित करें। इसके बाद उन्हें नोटिस देकर अतिक्रमण को हटवाएं।
विश्वास गुप्ता ने कहा कि किसी भी कीमत पर गरीबों का उत्पीड़न नहीं होने देंगे। सपा नेता के तेवर देखकर अफसरों ने अतिक्रमण अभियान बंद कर दिया। यहां से सभी लोग कोतवाली चले गए। दुकानदारों ने बताया कि शहर कोतवाल उन लोगों का उत्पीड़न कर रहे हैं।