कायमगंज पुलिस ने सपाई झंडाधारी गाड़ी से तमंचे के साथ तीन लोगों को धर
दबोचा। मामला सत्तापक्ष का जुड़ा होने की वजह से थाने में नेताओं के फोन
आने लगे। सियासी दबाब में पुलिस ने दो युवकों को छोड़ दिया, जबकि एक का
तमंचे में चालान कर दिया।
कोतवाली पुलिस ने सोमवार सुबह करीब 10 बजे
सीपी तिराहे पर कंपिल की ओर से आ रही सपा का झंडा लगी सफेद स्कार्पियोे को
रोका। गाड़ी के रुकते ही चालक ने भागने का प्रयास किया। पुलिस ने उसे
दौड़ाकर पकड़ लिया। पुलिस गाड़ी में सवार तीन युवकों को पकड़कर थाने ले गई।
कुछ ही देर में इन्हें छोड़ने के लिए राजनीतिक उठापटक शुरू हो गई। जानकारी
मिलने पर सीओ एके रावत भी कोतवाली पहुंच गए। उन्होंने घटना के संबंध में
कुछ भी बताने से इंकार कर दिया। दोपहर बाद
उपनिरीक्षक एनके वर्मा ने पकड़े
गए युवकों में से अजीम पुत्र नन्हें खां निवासी दीवान मुबारक थाना मऊदरवाजा
के पास से एक तमंचा और दो कारतूस बरामद दिखाकर मुकदमा दर्ज कराया। गाड़ी
को पुलिस ने सीज कर दिया। सूत्रों के अनुसार बाकी
दो युवकों को राजनीतिक
दबाव में छोड़ दिया गया। एसएसआई मेघनाथ सिंह ने बताया कि शक की बिना पर
युवकों को हिरासत में लिया गया था। एक के पास तमंचा मिलने पर उस पर रिपोर्ट
दर्ज की गई है। पुलिस सूत्रों से पता चला कि पकड़ा गया युवक कासगंज जनपद
के कस्बा भरगैन से तमंचा खरीद कर लाया था।