फर्रुखाबाद। सचिन यादव के समाजवादी पार्टी से निष्कासन के बाद अमृतपुर विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष यशवीर आर्य ने पार्टी और पद से इस्तीफा दे दिया। उनके साथ कई पदाधिकारी और सक्रिय कार्यकर्ता थे। सभी ने सपा के खिलाफ पूरी ताकत से जुटने का एलान कर दिया।
सपा के अमृतपुर विस क्षेत्र अध्यक्ष व नवाबगंज से जिला पंचायत सदस्य यशवीर शनिवार को कई पदाधिकारी और सदस्यों के साथ सचिन के नई बस्ती आवास पर पहुंचे। यशवीर ने कहा कि विस क्षेत्र अध्यक्ष होते हुए भी पार्टी ने जिला पंचायत सदस्य के चुनाव में समर्थन नहीं दिया, बल्कि विरोध में दूसरा प्रत्याशी उतारा। इसके बावजूद जनता का प्यार मिला। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की उपेेक्षा से काफी निराशा पहुंची। उन्होंने जिलाध्यक्ष को पद और पार्टी से त्यागपत्र भेज दिया।
उनके साथ इस्तीफा देने वालों में बूथ अध्यक्ष राघवेंद्र सिंह उर्फ रिंकू, प्रदुम्न सिंह, राहुल कुमार व नवाबगंज नगर पंचायत सचिव हिमांशु यादव, जिला मीडिया प्रभारी पिछड़ा वर्ग गौरव यादव, जसवीर यादव, कुलवीर यादव आदि हैं।