फर्रुखाबाद। तीन कंप्यूटर सहायक व निर्वाचन कार्यालय के लिपिक को हटाने के मामले की शिकायत सपा ने निर्वाचन आयोग से की है। निर्वाचन आयोग से जिलाधिकारी को पत्र भेजकर दो दिन में जांच कराकर कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी है। फिलहाल जनपद में 77.48 प्रतिशत मतदाताओं के गणना प्रपत्रों का कार्य पूरा कर लिया गया है।
सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल ने निर्वाचन आयोग से शिकायत की कि एसआईआर अभियान के तहत विधानसभा क्षेत्र फर्रुखाबाद की कंप्यूटर सहायक टीनम यादव, भोजपुर के सुनील यादव व कायमगंज के असलम खान को बर्खास्त कर दिया गया है। इसी तरह प्रदेश 403 विधानसभा क्षेत्राें में भाजपा सांसद व विधायक के दबाव में यादव व मुस्लिम कर्मचारियों को हटाया जा रहा है। उन्होंने इसकी जांच कराकर कार्रवाई की मांग की। इस पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से विशेष कार्याधिकारी गरिमा स्वरूप ने जिलाधिकारी को पत्र भेजा। इसमें कहा कि वर्षों कार्यरत कर्मियों को हटाने के संबंध में शिकायत की गई है। इस मामले की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई करते हुए दो दिन में आख्या मांगी है।