फर्रुखाबाद। सपा जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर पालन शुरू कर दिया है। उन्होंने लंबे समय से पार्टी के कामों में रुचि नहीं लेने वाले जिला सचिव और जिला कार्यकारिणी सदस्य को बदल दिया है। इसकी रिपोर्ट पार्टी आलाकमान को भेजी है।
सपा की आवास विकास कालोनी स्थित कार्यालय पर बैठक हुई। जिलाध्यक्ष ने लम्बे समय से पद लेने के बाद संगठन के कार्यों से दूर रहने वालों के स्थान पर दूसरे पदाधिकारी नामित कर दिए। देवरामपुर के पूर्व प्रधान राजन यादव को जिला सचिव और बरौन के अंकुर शाक्य को जिला कार्यकारिणी सदस्य नामित कर दिया।
दोनों का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया गया। जिला प्रवक्ता विवेक सिंह यादव ने बताया कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर फ्रंटल संगठनों के जिन जिलाध्यक्षों ने अपनी कमेटी जिला संगठन को उपलब्ध नहीं कराई और संगठन की मासिक बैठक भी नहीं करते, न ही जिला संगठन की मासिक बैठक में आते हैं, उनके खिलाफ रिपोर्ट बनाकर नए जिलाध्यक्षों के नाम की संस्तुति करते हुए प्रदेश नेतृत्व को भेज दिया जाएगा।
बैठक में जिला महासचिव इलियास मंसूरी, राष्ट्रीय सचिव युवजन सभा जितेंद्र सिंह यादव, शशांक सक्सेना, सौरव कटियार, रामपाल यादव, नरेंद्र सिंह यादव, विजय अनुरागी, जनार्दन यादव आदि थे।