फर्रुखाबाद। एसीएमओ ने हेल्थ वेलनेस सेंटरों (आयुष्मान आरोग्य मंदिर) का निरीक्षण किया तो डॉक्टर डॉक्टर व सीएचओ गायब मिले। एक सेंटर पर ताला लगा मिला। एसीएमओ ने सीएचओ का वेतन काटने के साथ सीएमओ को निरीक्षण आख्या सौंपी है।
सेवा सुरक्षा व सुशासन नीति के आठ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में 25 से 27 मार्च कार्यक्रमों का आयोजन प्रस्तावित है। व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के लिए एसीएमओ डॉ. दलवीर सिंह ने सीएचसी बरौन क्षेत्र के दो सेंटरों का निरीक्षण किया। दोपहर 12.50 बजे आरोग्य मंदिर नेकपुर खुर्द में ताला लगा मिला। एसीएमओ ने सीएचओ का एक दिन का वेतन रोकने के आदेश दिए। इससे पहले उन्होंने नगरीय हेल्थ वेलनेस सेंटर बीबीगंज में वह 11:30 पहुंचे, वहां ओपीडी शून्य थी।
डॉक्टर न होने से दवाओं का स्टॉक अस्त-व्यस्त था। एक्सपायरी रजिस्टर नहीं बना था। स्टाफ नर्स मौजूद मिली। दोपहर 12.10 बजे आरोग्य मंदिर आवाजपुर में सीएचओ शिवानी मौजूद थीं, लेकिन एक भी मरीज नहीं आया था। परिवार नियाेजन की सामग्री कम मात्रा में मिली। जलापूर्ति नहीं हो रही थी। दो दिन में सुधार की चेतावनी दी गई। एसीएमओ ने कार्रवाई के लिए निरीक्षण आख्या जिलाधिकारी व सीएमओ को सौंपी है।