फतेहगढ़ के मोहल्ला शिवपुरम कालोनी में रविवार रात घर में सीढ़ी लगाकर घुसे बदमाशों ने सैनिक की पत्नी को मरणासन्न कर लूटपाट की। बच्चों को ड्राप पिलाकर बेहोश कर दिया। सुबह बच्चे की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस को सूचना दी और बेहोश महिला को मिलेट्री अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस बल के साथ एसपी मौके पर पहुंचे। महिला के ससुर ने थाने में चोरी की तहरीर दी है।
कमालगंज थाना क्षेत्र के गांव देवरान गढ़िया निवासी सैनिक उमेश चंद्र पाल आर्मी की मेडिकल कोर पठान कोट में तैनात हैं। इन दिनों लखनऊ में ट्रेनिंग पर हैं। उनकी पत्नी मीना पाल बेटे आर्यन(6) व शुभ(2) के साथ फतेहगढ़ के मोहल्ला शिवपुरम कालोनी में किराए के मकान में रहती हैं। यहां से 100 मीटर दूर उमेश चंद्र के भाई सैनिक संजीव कुमार पाल का मकान है। रविवार रात गांव से गेहूं व भूसा आया था।
रात करीब 10 बजे मीना ने अपने घर में गेहूं रखवाया, जबकि शेष गेहूं व भूसा उनके जेठ के घर में रखा गया। मध्य रात्रि के बाद बदमाश सीढ़ी लगाकर मीना के घर की छत पर चढ़ गए। छत पर मीना अपने छोटे बेटे के साथ सो रही थी। बड़ा बेटा नीचे कमरे में सो रहा था। बदमाशों ने किसी वजनदार वस्तु से मीना के सिर में प्रहार किया। इससे वह लहूलुहान होकर बेहोश हो गई। घर में डाका डालने के बाद बदमाश फरार हो गए।
सुबह करीब 5.30 बजे मीना का बड़ा बेटा आर्यन उठा तो देखा कि मां खून से लथपथ छत पर बेहोश पड़ी है। मां के न बोलने पर दरवाजा खोलकर वह ताऊ संजीव पाल के घर गया और बाबा रामनिवास पाल को मां को चोट लगने की जानकारी दी।
जब वह मौके पर आए और घर व पुत्रवधू की हालत देख उनके होश उड़ गए। इसी बीच पड़ोसी सैनिक शिवराज सिंह उठे तो उनका गेट बाहर से बंद था। छत पर जाकर देखा तो उनके दोनों गेट के कुंडों में बाहर से कपड़ा बंधा था। छत से उतरकर चाकू से कुंडे में बंधा कपड़ा काटा। आर्यन ने बताया कि रात में कुछ लोग आए।
उन्होंने उसके मुंह में ड्राप से कुछ डाल दिया। इसके बाद उसे होश नहीं रहा। रामनिवास की सूचना पर कोतवाली पुलिस, एसपी डा.अनिल मिश्र, सीओ सिटी रामलखन सरोज ने स्वाट टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। घर के पीछे दीवार के पास करीब 17 फीट लंबी सीढ़ी लगी मिली। डाग स्क्वायड टीम ने आस्कर को घटनास्थल सुंघाने के बाद उसे दौड़ाया तो वह घर के सामने यूकेलिप्टस के बाग पहुंचा। वहां पशुओं के इस्तेमाल होने वाले कुछ इंजेक्शन बरामद हुए।
इसके बाद आस्कर घूमते हुए सड़क तक गया। फोरेंसिक टीम ने छत पर टूटी पड़ी चूड़ी, कई जगह पड़ा खून और घर में अस्त-व्यस्त पड़े सामान से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस के कारनामे के चलते फिलहाल रामनिवास की ओर से फतेहगढ़ कोतवाली में चोरी की तहरीर दी गई है।
इसमें 10 हजार रुपये, सोने का हार, कुंडल, दो अंगूठी, झुमकी, चेन व पायल आदि सामान चोरी होने का जिक्र है। वहीं घायल मीना पाल को मिलेट्री हास्पिटल से लखनऊ के लिए रेफर कर दिया गया है। उनके होश आने पर ही घटनाक्रम के अलावा लूटे गए सामान की पूरी जानकारी हो सकेगी। पुलिस अधीक्षक डा.अनिल मिश्र ने बताया कि लूट की वारदात को घुमंतू गिरोह द्वारा अंजाम दिए जाने की आशंका है। गहनता से जांच की जा रही है।