गालीगलौज व मारपीट पर सिपाही का सिर फोड़ा
कंपिल। बंदी के बाद भी घर के नीचे दुकान खोले बैठे युवक से पुलिस कर्मियों ने गालीगलौज किया। विरोध करने पर उसकी पिटाई कर दी। इससे गुस्साए युवक ने दुकान बंद कर घर की छत से ईंट मार कर एक सिपाही का सिर फोड़ दिया। उसे पकड़ने को घर में घुसे पुलिस वालों ने उसकी मां व बहन से अभद्रता की। महिला ने एक सिपाही के हाथ में काट लिया। स्थिति बिगड़ती देखकर पुलिस वाले खिसक लिए। दुकानदार, उसकी पत्नी, पुत्र और पुत्री के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
थाना व कस्बा कंपिल के मोहल्ला चौधरिया निवासी अविनाश पांडेय का मकान गंगा रोड पर है। इसी मकान के नीचे परचून की दुकान है। रविवार को लॉकडाउन में भी अविनाश पांडेय का पुत्र उत्कर्ष (18) दुकान खोले था। सिपाही नईम खान साथी सिपाही के साथ पहुंचा। उसने गालीगलौज कर दुकान बंद करने को कहा। युवक ने विरोध किया तो दोनों सिपाहियों ने उत्कर्ष की पिटाई कर दी।
इससे गुस्साए युवक ने छत पर जाकर ईंट चला दी। इससे सिपाही नईम खान का सिर फट गया। साथी सिपाही की सूचना पर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सभी युवक को पकड़ने घर में घुस गए। घर की महिलाओं ने विरोध किया तो आरोप है कि पुलिस ने उनसे भी अभद्रता की। एक महिला नें सिपाही रामकुमार के हाथ में काट लिया। भीड़ जुटती देखकर एसओ पुलिस बल के साथ वहां से खिसक लिए।
दरोगा सुरेंद्र सिंह की तहरीर पर दुकानदार अविनाश पांडेय, इनकी पत्नी भोली देवी, पुत्र उत्कर्ष पांडेय और बेटी शिवानी के खिलाफ लॉकडाउन उल्लंघन, पुलिस पार्टी पर हमले और सरकारी कार्य में बाधा डालने की रिपोर्ट दर्ज की गई है। थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार गंगवार ने बताया कि दुकान बंद कराने की बात पर पुलिस पर हमला किया गया। इसमें दुकानदार समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट लिखी गई है। युवक के साथ मारपीट, घर में घुस कर महिलाओं से अभद्रता करने का आरोप गलत है।