गांव सकवाई में कोरोना पॉजिटिव युवक के घर पर जानकारी करती आशा कार्यकर्ता। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद जनपद में सोमवार देर रात एक और युवक कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। वह 28 मई को गाजियाबाद से लौटा था। खांसी, बुखार से पीड़ित होने से उसे लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। 29 मई को नमूना लिया गया। जांच रिपोर्ट में वह कोरोना पॉजिटिव पाया गया। गंभीर हालत होने से उसे सैफई मेडिकल कालेज भेज दिया गया।
मोहम्मदाबाद क्षेत्र के गांव सकवाई निवासी युवक (40) गाजियाबाद में मेहनत-मजदूरी करता था। वह निजी वाहन से 28 मई को फर्रुखाबाद पहुंचा। उसने अपने तीनों भाइयों को तबियत खराब होने की सूचना दी। इस पर तीनों अपनी बाइकों से फर्रुखाबाद पहुंचे। युवक को लोहिया अस्पताल ले गए। यहां उसे आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर 29 मई को कोरोना जांच के लिए नमूना लिया गया। देर रात युवक कोरोना पॉजिटिव निकला।
इस बीच युवक अस्पताल की ओपीडी, इमरजेंसी व महिला अस्पताल में घूमता रहा। कई डाक्टरों व कर्मचारियों के संपर्क में भी रहा। सोमवार की रात को ही उसे एंबुलेंस से सैफई मेडिकल कालेज भेज दिया गया। इधर, लोहिया अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती एक बच्चे की रिपोर्ट निगेटिव आने से उसे महिला अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया। इसके साथ ही आइसोलेशन वार्ड 24 घंटे के लिए बंद कर दिया गया।
सीएमएस डा.एसपी सिंह ने बताया कि कोरोना संक्रमित मरीज के संपर्क में आए 6 डाक्टरों सहित 28 स्वास्थ्य कर्मियों का एहतियात तौर पर पांचवें दिन कोरोना टेस्ट कराया जाएगा। मई में ड्यूटी करने वाले डाक्टरों व कर्मचारियों का 5 जून, जबकि एक जून को ड्यूटी में लगी स्वास्थ्य टीम का 6 जून को नमूना लिया जाएगा। ओपीडी व इमरजेंसी सेवाएं चालू रहेंगी। जनपद में कोरोना संक्रमित कुल 36 मरीजों में 19 ठीक होकर डिस्चार्ज हो चुके, जबकि 17 केस एक्टिव हैं।