एसओजी ने छह लोगों से की पूछताछ
फर्रुखाबाद। सेवानिवृत्त शिक्षक के घर हुई लूट के मामले में एसओजी ने छह लोगों से पूछताछ की। शिक्षक के परिवारी युवक को पूछताछ के बाद छोड़ दिया। उसके दो दोस्त अब भी टीम की निगरानी में है। लूट की पूरी कहानी शिक्षक के घर के ईदगिर्द ही बुनी गई थी।
मोहल्ला सैनिक कालोनी नगलादीना गुजराती वाली गली निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक अनिल गंगवार के घर में शनिवार को घुसे दो बदमाश पांच लाख के जेवर लूट कर भाग गए थे। एसपी अशोक कुमार मीणा ने खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमों को लगाया था। पुलिस ने शीशमबाग निवासी दो युवकों को पकड़ लिया।
उनसे पूछताछ के बाद शिक्षक के परिवारी युवक को एसओजी पकड़ कर लाई। उससे पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। एसओजी ने कई नबंरों को सर्विलांस पर लगाया था। संदिग्ध नंबर धारकों से एसओजी ने सोमवार को पूछताछ की।
शाम तक टीम छह लोगों से पूछताछ कर चुकी थी। यह सभी लोग परिवारी युवक के दोस्त बताए जा रहे हैं। वहीं कोतवाल जय प्रकाश पाल अपनी टीम के साथ मोहल्ले के शातिरों की सूची बनाकर उनकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं।
सीसीटीवी कैमरे खंगाले
एसओजी ने सोमवार को मोहल्ले के लोगों के घरों में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले। उनके फुटेज का बारीकी से निरीक्षण कर लुटेरों को खोजने का प्रयास करते रहे। आस पास के मोहल्ले जय नारायण वर्मा रोड, सैनिक कालोनी, फतेहगढ़ से लेकर भोलेपुर मुख्य मार्ग पर दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे देखे गए।