कायमगंज। मंगलवार को तहसील दिवस में 189 फरियादियों ने डीएम और एसपी को समस्याएं सुनाईं। 22 फरियादाें का डीएम ने मौके पर निस्तारण कराया। डीएम ने अधिकारियों से तहसील दिवस में आने वाली शिकायतों की स्थलीय जांच कर निस्तारण करने के निर्देश दिए। तहसील दिवस से नदारद एसओ मेरापुर को एसपी ने फोन पर लताड़ लगा दी।
तहसील सभागार में डीएम एसके सिंह व एसपी राजेश कृष्ण ने समस्याएं सुनीं। मेरापुर थानाध्यक्ष केबी सिंह तहसील दिवस में खुद नहीं पहुंचे। इन्होंने अपनी जगह दरोगा को भेज दिया। इस पर एसपी ने थानाध्यक्ष केबी सिंह को फोन पर हड़काते हुए स्पष्टीकरण तलब कर लिया। हड़क के बाद थानाध्यक्ष तहसील दिवस में पहुंचे। तहसील दिवस में गायत्री सेवा समिति के महामंत्री दीपक गुप्ता ने गायत्री धाम के ऊपर से गुजरे हाईटेंशन तारों को हटवाने की मांग की।
कंपिल निवासी विनीता ने पति की मौत के बाद ससुरालीजनों के मारपीटकर घर से निकाले जाने का आरोप लगाया। डीएम ने एसओ कंपिल को तत्काल ससुरालीजनों को पकड़कर लाने और समस्या समाधान करने के निर्देश दिए। सिकंदरपुर खास विकास मंच के अध्यक्ष नूतन चतुर्वेदी, धमेंद्र सिंह राजपूत ने गांव के प्राथमिक विद्यालय, पंचायत भवन, जच्चा बच्चा केंद्र व अन्य सरकारी भवनों पर आशा व एएनएम का कब्जा होने की शिकायत की। इन्होंने गांव में लगे सरकारी हैंडपंपों में सबमसर्बिल लगाए जाने की भी शिकायत की।
एसडीएम ने एसओ कंपिल और कानूनगो को मौके पर जाकर कब्जे हटवाने और कमरों में भरा सामान जब्त करने के निर्देश दिए। भारतीय किसान मजदूर यूनियन के सदस्यों ने बिजली विभाग पर आरोप लगाते हुए बताया कि इलाकाई किसानों ने निजी नलकूपों के बिलों का भुगतान कर दिया है।
इसके बाद भी नए बिलों में पिछली राशि जोड़ कर भेजी जा रही है। घरेलू कनेक्शन का भार दो किलोवाट कर दिया गया है । विभाग बिना रीडिंग के 450 रुपये प्रतिमाह का बिल भेजा जा रहा है। इस दौरान सीएमओ डा. राकेश कुमार, सीडीओ एसएन शुक्ल, एसडीएम ेअजीत कुमार सिंह आदि अधिकारी मौजूद रहे।