मोहल्ला डबग्रान में पानी संकट के चलते प्रदर्शन करते लोग।
- फोटो : FARRUKHABAD
पानी के लिए डबग्रान में नारेबाजी
फर्रुखाबाद। छह महीने से पेयजल के लिए परेशान डबग्रान मोहल्ला के लोगों ने मंगलवार को नारेबाजी की। मौके पर पहुंचे सभासद प्रतिनिधि से छोटा नलकूप लगवाने की मांग की। सभासद प्रतिनिधि ने समस्या का समाधान कराने का आश्वासन देकर शांत कराया।
डबग्रान मोहल्ले की दो गलियों में 125 मकान हैं। इन मकानों में कोतवाली के पास लगे नलकूप से जलापूर्ति होती है। छह माह पहले नलकूप बंद होने पर दूसरी बोरिंग कराई गई थी। किंतु अभी तक जलापूर्ति शुरू नहीं हुई है। इससे लोग परेशान हैं।
मंगलवार को मोहल्ले के लोगों ने नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना पर सभासद कोहिनूर बेगम के पति आफताब अंसारी पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत कराया। लोगों ने उनसे दूसरा नलकूप लगाने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में बबलू, सुल्तान, मोबीन, इरशाद, रईश, बिल्वीस खातून, नूरजहां आदि शामिल रहे।
वर्जन
‘डबग्रान में पेयजल संकट पर पालिकाध्यक्ष से बात हुई है। मोहल्ले में छोटा नलकूप लगाने का प्रस्ताव दे दिया है। शीघ्र ही जलसंकट दूर हो जाएगा।’
-कोहिनूर, सभासद।