फर्रुखाबाद। रोडवेज बस अड्डा के आसपास खुलेआम हो रही डग्गामारी के विरोध में रोडवेज कर्मचारी संगठनों ने नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। एआरएम को ज्ञापन देकर 30 मई को इटावा में दो दिनी भूख हड़ताल कर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
श्रमिक समाज कल्याण संघ के बैनर तले रोडवेज कर्मियों ने बस अड्डा के आसपास से हो रही डग्गामारी के खिलाफ आवाज बुलंद की। बस अड्डा भवन के सामने और दिल्ली को जाने वाली बसों के बाहर खड़े होकर जमकर नारेबाजी की। कर्मचारी परिसर में जुलूस के शक्ल में घूमते हुए एआरएम कार्यालय के बाहर पहुंचे। वहां कर्मचारी संगठन के पक्ष में जमकर नारेबाजी की। इसके बाद एआरएम राजेश कुमार को एक ज्ञापन दिया। जिसमें कहा कि डग्गामार वाहनों की वजह से डिपो की आय प्रभावित हो रही है। चालक परिचालकों के वेतन से कटौती की जा रही है।
उन्होंने चेतावनी दी कि शीघ्र ही एआरटीओ के साथ जिले में सघन चेकिंग अभियान चलाकर डग्गामार वाहन बंद कराए जाएं। 30 मई को क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय इटावा में दो दिनी भूख हड़ताल होगी। इसके बाद उग्र आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन में क्षेत्रीय अध्यक्ष योगेंद्र सक्सेना, गौरीशंकर, रजनीश दुबे, एसके शुक्ला, सुरजन सिंह आदि थे।