फर्रुखाबाद। जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छह छात्रों का चयन मंडल स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी के लिए किया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया है कि वह लोग चयनित छात्रों को मंडल स्तरीय प्रदर्शनी में प्रतिभाग कराने के लिए ले जाएं।
बीते दिनों म्युनिसिपल इंटर कॉलेज फतेहगढ़ में जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी आयोजित की गई थी। इस प्रतियोगिता में सीनियर वर्ग में राजकीय इंटर कॉलेज के छात्र स्पर्श सक्सेना ने प्रथम, एमआईसी के अमित ने द्वितीय, रामदर्शनी राजकीय इंटर कॉलेज भटासा के शिवम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया था।
जूनियर वर्ग में गंगापार महात्मा गांधी इंटर कॉलेज राजेपुर के छात्र शरद सिंह को पहला, राजकीय इंटर कॉलेज फर्रुखाबाद के वंश चक्रवती को दूसरा और माता चंद्रावती इंटर कॉलेज रामपुर ढपरपुर के छात्र विजय सिंह को तीसरा स्थान मिला था। इन तीनों का चयन आठ नवंबर को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज चुन्नीगंज कानपुर में आयोजित होने वाली मंडल स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी के लिए किया गया है।
डीआईओएस नरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि चयनित छात्रों को कानपुर ले जाने के लिए उनके विद्यालय के प्रधानाचार्यों को निर्देशित कर दिया गया है।